भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, दिल्ली आसपास हीटवेव अलर्ट

नई दिल्ली। मई के दूसरे पखवाड़े में भारत के बड़े हिस्से में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

विदर्भ में सर्वाधिक गर्मी, तापमान 46 डिग्री
विदर्भ क्षेत्र में गर्मी सबसे अधिक दर्ज की गई, जहां अमरावती और वर्धा में शनिवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अकोला, यवतमाल और ब्रह्मपुरी भी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। लगातार चल रही लू के कारण अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और थकावट के मरीज बढ़ने लगे हैं।

दिल्ली एनसीआर में और बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। IMD ने चेतावनी दी है कि 18 से 22 मई के बीच उत्तर भारत में गर्म और शुष्क हवाओं का असर और तेज हो सकता है।

…लेकिन यहां बारिश और आंधी
हालांकि देश के मौसम में क्षेत्रीय असमानता भी देखने को मिल रही है। जहां उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब और हिमालयी राज्यों समेत 15 से अधिक राज्यों में तेज आंधी और 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

ये सावधानी बरतें
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Leave a comment